
Shah Rukh Khan : हॉलीवुड स्टार एक्टर जेरार्ड बटलर ने हाल ही में शाहरुख खान और प्रियंका चोपड़ा से अपनी मुलाकात को याद किया. लेटेस्ट इंटरव्यू में एक्टर ने बताया कि कैसे उन्होंने एक बार प्रियंका चोपड़ा को डांस करते देखा और एक्ट्रेस ने एक दोस्त के नाते उनके लिए लंच पार्टी होस्ट की. जेरार्ड ने ये भी बताया कि शाहरुख खान ने उन्हें मुंबई स्थित अपने घर में पार्टी भी दी और उन्हें ‘इंडियन डांस’ करना सिखाया. उन्होंने कहा कि उनकी पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म मीरा नायर की 2001 की फिल्म ‘मानसून वेडिंग’ है.
प्रियंका चोपड़ा के हैं अच्छे दोस्त
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार,’मानसून वेडिंग’ देखने के बाद जेरार्ड बटलर फिल्म से इतना प्रभावित हुए कि वो एक भारतीय महिला संग शादी करना चाहते थे. जेरार्ड ने कहा, ‘मैं प्रियंका चोपड़ा का दोस्त हूं, वो एक फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और हम उसी होटल में रुके थे. मैं अपने सात दोस्तों के साथ वहां था, और हम बालकनी पर थे और प्रियंका को डांस करते देखा. हमने एक रात शाहरुख खान के घर पार्टी की और वो मुझे दिखा रहे थे कि इंडियन डांस कैसे किया जाता है.’
करना चाहते हैं बॉलीवुड फिल्म
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे स्लमडॉग मिलियनेयर का समय याद है जब मैं भारत गया था. मैं फिल्म के बच्चों से मिला और प्रियंका ने हमारे लिए लंच का आयोजन किया. उस समय मैं अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं के एक ग्रुप से मिला, जो मुझे बॉलीवुड मूवी में लेना चाहते थे. मैं एक इंडियन फिल्म करना चाहता हूं, लेकिन ऐसा कभी नहीं हो पाया. मेरे पास कोई पसंदीदा ऑफर नहीं आया है.’ हालांकि उन्होंने कहा कि वो जल्द किसी बॉलीवुड फिल्म में नजर आ सकते हैं. बता दें कि स्लमडॉग मिलियनेयर एक ब्रिटिश ड्रामा फिल्म है जो 2008 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में देव पटेल, फ्रीडा पिंटो, अनिल कपूर और इरफान खान जैसे दिग्गज एक्टर्स ने काम किया था.
