अलीगढ़। शहर के सर सैयद नगर क्षेत्र में हमज़ा प्लाज़ा और इंजीनियर ए.डब्ल्यू. बेग के मकान के निकट स्थित गली में जलभराव की समस्या ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। गली में कई दिनों से गंदा पानी भरा होने के कारण लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक मकान मालिक ने अपने घर के बाहर जरूरत से अधिक लंबा रैंप बना दिया है, जिससे उसके नीचे की नाली दब गई है। नाली का पानी आगे नहीं निकल पा रहा है और पूरी गली में पानी जमा हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नियमित रूप से नगर निगम को टैक्स देने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का नमाज के लिए मस्जिद तक पहुंचना, महिलाओं और अन्य लोगों का घर से निकलकर रोजमर्रा का सामान एवं सब्जी खरीदना तक मुश्किल हो गया है।
सबसे गंभीर बात यह है कि गली में बिजली का खंभा भी खड़ा है। यदि किसी कारणवश बिजली का करंट पानी में उतर गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर अवैध रैंप हटवाने, नाली को खुलवाने तथा गली में भरे पानी की निकासी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
