बलिया: उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने अपने गृह जनपद बलिया के रतसड़ कला में आयोजित रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विभिन्न समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होकर सभी रोज़ेदारों को रमज़ान की मुबारकबाद दी और कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना हमें आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रोज़ा संयम, सब्र और इबादत का प्रतीक है, जो इंसानियत और एकता की राह दिखाता है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने मंत्री का स्वागत किया और उनके प्रयासों की सराहना की। इफ्तार के पश्चात सामूहिक दुआ कर सभी ने अमन, चैन और खुशहाली की कामना की।
राज्य मंत्री की उपस्थिति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा और लोगों ने एकजुटता और भाईचारे का संदेश लिया।
