
कश्मीर में वर्तमान समय में आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन्स की जिम्मेदारी निभा रहे श्री दिनेश कुमार सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक, अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता से एक मिसाल बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर से जून 2023 में कश्मीर स्थानांतरित किए गए श्री सिंह इस समय श्रीनगर, गांदरबल और बडगाम जिलों का ऑपरेशन्स संबंधी प्रभार देख रहे हैं। कर्तव्य परायणता के साथ-साथ श्री सिंह का खेल प्रेम भी विशेष ध्यान आकर्षित करता है, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।
श्री सिंह, जो मूलतः उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गूलर रोड क्षेत्र के निवासी हैं, ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय नौरंगी लाल इंटर कॉलेज से प्राप्त की। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री भी प्राप्त की है। वर्ष 1993 में उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुबल) में सहायक कमाण्डेंट के रूप में राजपत्रित अधिकारी के तहत सीधी भर्ती मिली। अपनी उत्कृष्टता और कड़ी मेहनत के बलबूते पर उन्होंने केरिपुबल में पुलिस उप महानिरीक्षक तक का पद प्राप्त किया और वर्तमान में कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
श्री सिंह के खेल प्रेम की शुरुआत रामपुर में तैनाती के दौरान हुई, जहाँ उन्होंने गोल्फ खेलना सीखा। उनके इस नए जुनून ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई। वर्ष 2022 में केरिपुबल द्वारा आयोजित इंटर सेक्टर गोल्फ टूर्नामेंट में उन्होंने देहरादून सेक्टर की तरफ से खेलते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर “विजेता कप” हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही वे केरिपुबल के गोल्फ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए।
वर्ष 2023 में ऑल इंडिया पुलिस गोल्फ टूर्नामेंट के लिए भी उनका चयन किया गया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने केरिपुबल का प्रतिनिधित्व करते हुए “नियरिस्ट टू पिन” का पुरस्कार जीता। आज भी यह पुरस्कार उनके नाम पर दर्ज है, जो उनके खेल कौशल और अनुशासन का प्रतीक है।
हाल ही में, 24 और 25 अक्टूबर को पंचकुला, चंडीगढ़ में आयोजित केरिपुबल इंटर सेक्टर गोल्फ टूर्नामेंट में श्री सिंह ने जम्मू-कश्मीर जोन के लिए उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर टीम इवेंट में “विजेता ट्रॉफी” हासिल की। इसके अतिरिक्त, उन्हें व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए इस टूर्नामेंट का “सर्वश्रेष्ठ गोल्फर” का खिताब और ट्रॉफी प्रदान की गई। उनके इस उपलब्धि ने उन्हें केरिपुबल के भीतर एक आदर्श के रूप में स्थापित किया है, जो अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
श्री दिनेश कुमार सिंह का करियर केवल खेलों में ही नहीं, बल्कि उनके कर्तव्य पालन और आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन्स में उत्कृष्टता की भी कहानी है। कश्मीर जैसे आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों में अपनी तैनाती के दौरान भी उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।